पड़ाव के सहदेव यादव वेटलिफ्टिंग ट्रेनिंग सेंटर गांधीपुरम कॉलोनी में उपस्थित खिलाड़ी। संवाद
पीडीडीयू नगर। गांधीपुरम कॉलोनी, पड़ाव स्थित सहदेव यादव वेटलिफ्टिंग ट्रेनिंग सेंटर में अस्मिता वेटलिफ्टिंग सिटी टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। इसमें जिले की 30 बालिका खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु और भार वर्गों में प्रतिभाग किया। खिलाड़ियों ने स्नैच और क्लीन एंड जर्क स्पर्धाओं में दमखम दिखाया। समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों को पदक देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला उपक्रीड़ा अधिकारी इरशाद अहमद, उत्तर प्रदेश भारोत्तोलन संघ के कोषाध्यक्ष प्रदीप यादव और अंतरराष्ट्रीय निर्णायक खुशबू यादव ने किया। अतिथियों ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से बालिकाओं को प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है और भारोत्तोलन के प्रति उनका रुझान बढ़ता है। निर्णायक की भूमिका पारस यादव, कमलेश कुमार, मोना सिन्हा, आरती यादव, डॉ. प्रमोद यादव, डॉ. दिनेश सिंह, सुनील प्रजापति, प्रकाश श्रीवास्तव, राजेश यादव और विनोद कुमार यादव ने निभाई। इस मौके पर संस्था के सचिव रजनीश यादव, हरिशंकर यादव, अतुल मौर्य, अजय यादव, रामजन्म यादव और जवाहिर यादव आदि मौजूद रहे।
इन खिलाड़ियों ने जीते पदक
40 किलोग्राम भार वर्ग में श्रद्धा पटेल प्रथम और स्मिता विश्वकर्मा द्वितीय रहीं। 45 किलोग्राम में आस्था यादव प्रथम, रागिनी द्वितीय और सुखमनी तृतीय रहीं। 49 किलोग्राम में अनु यादव प्रथम, कुमुद कुशवाहा द्वितीय और अनुराधा चौहान तृतीय रहीं। 53 किलोग्राम में संगीता प्रथम, दिव्या द्वितीय और तशरीबा आफरीन तृतीय रहीं। 57 किलोग्राम में मानसी यादव प्रथम और प्रीतम द्वितीय रहीं। 61 किलोग्राम में साहिब खान प्रथम और वंदना चौहान द्वितीय रहीं। 69 किलोग्राम में नीतू कुमारी और 77 किलोग्राम में तान्या शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।