अलीनगर पुलिस द्वारा बरामद सिलिंडर के साथ आरोपी। स्रोत:-जागरूक पाठक
नियामताबाद। अलीनगर थाने की पुलिस ने मानस नगर स्थित इंडेन गैस गोदाम में सेंध लगाकर सिलिंडर चोरी करने के मामले में दो सगे भाइयों समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी के 30 गैस सिलिंडर, एक टाटा मैजिक, 6400 रुपये नकद और चोरी में प्रयुक्त पेचकस बरामद किया है। आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
बृहस्पतिवार की रात गश्त के दौरान पुलिस को मानसनगर स्थित गैस गोदाम के पास खड़खड़ाहट की आवाज सुनाई दी। थाना प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह के नेतृत्व में मौके पर पहुंची पुलिस ने गोदाम में सेंध लगाकर सिलिंडर चोरी कर रहे रोहित खरवार निवासी गांधीनगर, सैदूपुर, चकिया को पकड़ लिया।
पूछताछ में रोहित ने अपने भाई मोहित खरवार और साथी रतन गौड़ के साथ चोरी करने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि 11 सिलिंडर पटनवा निवासी सुधीर सिंह के यहां बेचने के लिए ले जाए गए हैं। पुलिस ने सुधीर सिंह के घर से 11 सिलिंडर और टाटा मैजिक बरामद किया। वहीं, गोदाम से 19 सिलिंडर मिले।
गिरफ्तार आरोपियों में रोहित खरवार, मोहित खरवार, रतन गौड़ और सुधीर सिंह शामिल हैं। सीओ पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह ने बताया कि अलीनगर थाने में आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।