धानापुर थाना क्षेत्र के ब्लॉक मुख्यालय के समीप बैंक ऑफ बड़ौडा के ग्राहक सेवा केंद्र पर लूट की घटना से पहले बदमाशों ने अपनी बाइक केंद्र से पचास मीटर की दूरी पर खड़ी कर दी थी। लोग के अनुसार इसके बाद तीन लोग केंद्र के बाहर नीम के पेड़ के पास बने चबुतरें पर बैठ गये थे। उन्होंने बताया कि तीनों बदमाशों ने अपनी भनक किसी को भी नहीं लगने दी थी।
सकलडीहा सर्किल में इस महीने में दिनदहाड़े लूट की यह दूसरी घटना है। छह मई को सकलडीहा के स्टेट बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र से भी बदमाशों ने 28 हजार रुपये लूट लिए थे। अभी तक पुलिस उनका पता नहीं लगा सकी है। जिले में अपराध की यह स्थिति तब है जबकि वाराणसी में बैठे पुलिस के उच्चाधिकारी आये दिन जिले में चक्रमण करते रहते है। यहां तक पुलिस अधीक्षक अमित कुमार भी अपराध को कम करने के लिए क्राइम मीटिंग में मातहतों की नकेल कसते रहते है।
सकलडीहा सर्किल में दिनदहाड़े लूट की पहली घटना 06 मई को हुई थी। बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने दिनदहाड़े तमंचे के बल पर सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के तुलसी आश्रम बाजार स्थित एसबीआई के ग्राहक सेवा केंद्र पर संचालिका सीमा सिंह से 28 हजार रुपये लूट लिये थे। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा तो दर्ज कर लिया लेकिन अब तक बदमाशों को पकड़पाने में नाकाम है। घटना के बाद सीमा सिंह ने वहां से केंद्र को बंद कर दूसरे स्थान पर केंद्र खोल लिया है। इस मामले को पुलिस अभी सुलझा भी नहीं पाई थी कि मंगलवार को धानापुर थाना क्षेत्र के ब्लॉक मुख्यालय केंद्र के समीप बैंक ऑफ बड़ौदा के ग्राहक सेवा केंद्र पर लूट की घटना को अंजाम दे दिया।