चंदौली कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम ने शनिवार की भोर में भगवान तालाब पुलिया के पास ट्रक के केबिन से 3.10 क्विंटल गांजा बरामद कर चार अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। गांजा उड़ीसा से पश्चिमी उत्तर प्रदेश लेकर जा रहे थे। बरामद गांजे की कीमत 20 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। इस दौरान पुलिस ने ट्रक तथा एक बाइक जब्त कर लिया।
पुलिस लाइन में शनिवार को पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने तस्करों की गिरफ्तारी और गांजा बरामदगी की जानकारी देते हुए बताया कि सूचना मिली कि भगवान तालाब के समीप एनएच स्थित एक ढाबे के पास गांजा तस्करों की डीलिंग होने वाली है। इसके बाद सक्रिय पुलिस टीम निगरानी में जुट गई। इसी बीच दो युवक बाइक से आए और ट्रक वालों से बात करने लगे।
मौका देख पुलिस कर्मियों ने चार लोगों को दबोच लिया। ट्रक की केबिन खुलवाकर देखा तो उसमें 58 पैकेट में 3.10 क्विंटल गांजा था। पकड़े गए आरोपी चकिया क्षेत्र के अमरा निवासी सदाशंकर सिंह और सकलडीहा थानाक्षेत्र के औरवा गांव निवासी गोविंद गिरी ने तस्करी के कारोबार में संलिप्त होने की बात स्वीकार की है।
ट्रक चालक उड़ीसा प्रांत के थाना बिनुआ गाऊन निवासी सुशांत नायक और दासपुर कोलाठी थाना कोलामी गाउन निवासी आंनद सेठी आर्डर के अनुसार सप्लाई करते हैं। बताया कि तस्कर नए-नए तरिकों से अवैध कारोबार कर रहे हैं। पुलिस टीम में स्वाट प्रभारी अभय सिंह, सत्येंद्र कुमार यादव, अशोक मिश्रा, अमित कुमार, मनोज पांडेय, आनंद सिंह, अमित यादव, प्रमोद कुमार, अमित सिंह, आनंद कुमार शामिल रहे।