मोहनिया। दुर्गावती थाना क्षेत्र के भेरिया रोड स्थित एक फैक्ट्री के गोदाम में शनिवार को सुबह पटना एसटीएफ और पुलिस ने छापा मारा। कार्रवाई के दौरान गोदाम से 27 किलो 800 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस फैक्ट्री मालिक प्रकाश तिवारी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार, फैक्ट्री परिसर के गोदाम में गांजा रखने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम पहुंची गोदाम बंद था। इस पर पुलिस ने दूसरी फैक्ट्री में मौजूद प्रकाश तिवारी को बुलाकर गोदाम का ताला खुलवाया। तलाशी के दौरान एक कमरे से 14 थैलियों में रखा गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे के साथ गोदाम में खड़ी एक कार भी जब्त कर ली।
कार्रवाई के दौरान अंचलाधिकारी राजा कुमार भी मौजूद रहे। पुलिस ने प्रकाश तिवारी को हिरासत में ले लिया है। प्रकाश तिवारी ने पुलिस को बताया कि गोदाम वाराणसी निवासी बबलू को लीज पर दिया था। गोदाम से धान और कोयले का कारोबार होता था। अंचलाधिकारी राजा कुमार ने बताया कि गोदाम से गांजा बरामद हुआ है और एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। संवाद