पीडीडीयू नगर। मंगलवार को पहली पाली में यूपी बोर्ड की हाईस्कूल की विज्ञान और इंटरमीडिएट की लेखाशास्त्र विषय की परीक्षाएं हुईं। दूसरी पाली में हाईस्कूल की कृषि और इंटरमीडिएट की अर्थशास्त्र विषय की परीक्षाएं हुईं। कुल चार विषयों की परीक्षा में पंजीकृत 34997 विद्यार्थियों में से 2624 ने परीक्षा छोड़ दी। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सीसीटीवी की निगरानी में परीक्षा हुई।
जिले के 82 केंद्रों पर मंगलवार की सुबह पहली पाली में हाईस्कूल की विज्ञान विषय की परीक्षा में पंजीकृत 30815 विद्यार्थियों में से 28442 उपस्थित रहे और 2373 अनुपस्थित रहे। इसी तरह से इंटरमीडिएट की लेखाशास्त्र की परीक्षा के लिए पंजीकृत 247 विद्यार्थियों में से 226 उपस्थित रहे और 21 अनुपस्थित रहे। इसी तरह से दूसरी पाली में हाईस्कूल की कृषि विषय की परीक्षा के लिए पंजीकृत 587 विद्यार्थियों में से 559 उपस्थति और 28 अनुपस्थित रहे। इंटरमीडिएट की अर्थशास्त्र की परीक्षा के लिए पंजीकृत 3348 विद्यार्थियों में से 3146 उपस्थित और 202 अनुपस्थित रहे। डीआईओएस दलसिंगार यादव ने बताया कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा आयोजित की जा रही है। सचल दल ने परीक्षार्थियों पर पैनी नजर बनाए रखी। कंट्रोल रूम से भी लगातार निगरानी की जा रही है।