क्षेत्र के शहीद गांव स्थित अमर शहीद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में सोमवार को एनसीसी (सीनियर डिवीजन) की भर्ती प्रक्रिया हुई। 91 यूपी एनसीसी बटालियन मुगलसराय के समादेश अधिकारी कर्नल सुखवीर पुनिया की देखरेख में सुबह सात बजे शुरू हुई प्रक्रिया में 257 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। सेना भर्ती की तर्ज पर अभ्यर्थियों की लंबाई मापी गई।
इसके बाद दौड़, पुश-अप और सिट-अप कराया गया। मेडिकल परीक्षण के बाद लिखित परीक्षा हुई। भर्ती का परिणाम बाद में घोषित किया जाएगा। एनसीसी की 20 छात्राओं की सीटों के लिए 80 छात्राओं और 50 छात्रों की सीटों के लिए 177 छात्रों ने प्रतिभाग किया। भर्ती स्थल पर अभ्यर्थियों के साथ उनके अभिभावकों की भी भीड़ रही। चयन को लेकर छात्र-छात्राओं में उत्साह के साथ सफल होने की चिंता भी नजर आई।
कर्नल सुखवीर पुनिया ने कहा कि एनसीसी का उद्देश्य केवल युवाओं को सेना में जाने के लिए तैयार करना नहीं है। इसके माध्यम से उनमें देशप्रेम, साहस, कौशल, एकता और सामाजिक जागरूकता विकसित करने के साथ अच्छा नागरिक बनने की भावना पैदा की जाती है। मेजर लाल बिहारी प्रसाद ने कहा कि देश की एकता और अखंडता बनाए रखने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। एनसीसी युवाओं में अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
भर्ती प्रक्रिया में सूबेदार मेजर जीबी थापा, सूबेदार चंद्रशेखर यादव, नायब सूबेदार मिलन थापा, हवलदार ओम गुरुंग, हवलदार भवान सिंह, हवलदार सुनील, हवलदार यशपाल, अकाउंट क्लर्क रामनायन राम, वरिष्ठ सहायक उदयभान, राजेंद्र तिवारी, डीवीआर थेपी राय, विनोद और प्रदीप ने सहयोग किया। पुलिस प्रशासन की ओर से चौकी इंचार्ज देवेंद्र कुमार राय, उपनिरीक्षक श्यामलाल यादव, मुख्य आरक्षी जगदीश चंद्र, सुरेश यादव, हरिओम द्विवेदी और महिला आरक्षी गीता गुप्ता ने व्यवस्था संभालने में सहयोग किया।