पीडीडीयू नगर। जनपद से बाहर देश के विभिन्न शहरों में कमाने गए लोगों की घर वापसी को लेकर उनके परिजन परेशान हैं। उन्होंने मुगलसराय विधायक साधना सिंह से लोगों को घर वापस बुलाने की अपील की थी। लॉकडाउन में फंसे ऐसे लगभग 2400 लोगों ने ऑनलाइन आवेदन किया था। उनके अनुरोध पर विधायक ने प्रदेश सरकार के कंट्रोल रूम तक सूचना पहुंचा दी है।
विधायक ने बताया कि जनपद के कई लोग देश के विभिन्न महानगरों में रोजगार करते हैं। वे लॉकडाउन के कारण महाराष्ट्र, गुजरात, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड आदि राज्यों में फंसे हैं। इसके अलावा प्रदेश के नोएडा व गाजियाबाद में भी कई लोग फंसे हुए हैं। ऐसे लोगों के घर वापसी के लिए उनके आवेदन की सूची बनाकर प्रदेश सरकार को प्रेषित कर दी गई है। प्रदेश सरकार ने आवेदन पत्रों को स्वीकार करते हुए जनपदवासियों के आगमन के लिए सभी राज्यों में उनकी पहचान दिए गए डिटेल के माध्यम से शुरू कर दी है। शीघ्र ही सभी लोगों की घरवापसी होने की उम्मीद है।