नरवन क्षेत्र में जल्द ही बिजली की समस्या दूर हो जाएगी। डैना ग्राम सभा में 220 केवीए विद्युत उपकेंद्र स्थापित किए जाने की तैयारी शुरू हो गई है। मंगलवार को सैयदराजा के भाजपा विधायक सुशील सिंह ने विद्युत एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने बिजली उपकेंद्र निर्माण के लिए भूमि को सही माना।
विधायक सुशील ने बताया कि नरवन क्षेत्र में लो-वोल्टेज, ट्रिपिंग और बिजली कटौती की समस्या को दूर करने के लिए अमड़ा में लगभग पांच हेक्टेयर भूमि पर 220 केवीए उपकेंद्र स्थापित करने की योजना बनाई गई थी। हालांकि वहां केवल ढाई हेक्टेयर भूमि उपलब्ध होने के कारण परियोजना आगे नहीं बढ़ सकी। इसके बाद डैना ग्राम सभा में उपकेंद्र बनाने का सुझाव दिया। प्रस्तावित उपकेंद्र लगभग 11 एकड़ भूमि पर बनाया जाएगा। डैना में 220 केवीए विद्युत उपकेंद्र बनने से 120 गांवों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति का लाभ मिलेगा। इस दाैरान बरहनी ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि महेंद्र सिंह, दरोगा राय, एसई डीसी दीक्षित, शत्रुघ्न राय, अधिशासी अभियंता संतोष कुमार उपस्थित रहे।