चहनियां। डीएम नवनीत सिंह चहल और पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह ने अधिकारियों के साथ शाम चार बजे सकलडीहा तहसील अंतर्गत क्षेत्र के संवेदनशील मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मतदान केंद्रों की अव्यवस्थाओं को दूर करने का निर्देश अधिकारियों को दिया। वहीं ग्रामीणों को भयमुक्त होकर मतदान करने के लिए प्रेरित किया।
अधिकारियों की टीम ने प्राथमिक विद्यालय सढ़ान, प्राइमरी स्कूल नैढ़ी, प्राथमिक विद्यालय समूदपुर, जटाधारी डिग्री कालेज मारूफपुर सहित मुस्लिम बाहुल क्षेत्र सहित पूर्व में मतदान स्थल पर अवरोध पैदा करने वाले विद्यालयों का भ्रमण किया। अधिकारियों ने गांव के लोगों से मिलकर चुनाव को निष्पक्ष, भयमुक्त एवं शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए जागरूक किया। कहा कि यदि किसी प्रत्याशी द्वारा प्रलोभन देने या धमकी देने की शिकायत आए तो इसकी जानकारी तत्काल एसपी अथवा जिला स्तरीय अन्य अधिकारियों को दें। उनके खिलाफ चुनाव से पहले कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने गांव के लोगों से हस्ट्रीशीटर व गैंगस्टर वाले व्यक्तियों की जानकारी भी ली। जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान से विद्यालयों में शौचालय की साफ-सफाई की व्यवस्था सुदृढ़ कराने के निर्देश दिए। इस दौरान गन लाइसेंस धारियों को निर्देश देते हुए कि 01 सप्ताह के भीतर लाइसेंसी बंदूक को गन हाउस में जमा करें और एक वर्ष में कितनी गोलियॉ खरीदी गयी इसकी भी जानकारी नजदीकी थाना प्रभारी को दें। यदि चुनाव के दौरान किसी का गन मिला तो उसका लाइसेंस निरस्त करते हुए उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सकलड़ीहा राम सजीवन मौर्य, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आनंदवर्धन, क्षेत्राधिकारी सकलड़ीहा प्रदीप सिंह चंदेल, थाना प्रभारी बलुआ धीरेन्द्र सिंह रहे।