चंदौली। केंद्र व प्रदेश सरकार सबका साथ, सबका विकास के तहत कई कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। इसका लाभ सीधे गरीबों को मिल रहा है। प्रदेश सरकार का प्रयास है कि प्रदेश का कैसे विकास हो। इसके लिए पशुपालन विभाग कई कार्यक्रम जल्द ही प्रदेश के सभी जनपदों में शुरू करेगा। उक्त बातें शनिवार को मुख्यालय स्थित पीडब्ल्यूडी के डाकबंगले पर पशुधन विकास व जिले के प्रभारी मंत्री जय प्रकाश निषाद ने पत्रकार वार्ता के दौरान कहीं। उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के मामले में कहा कि अदालत के फैसले का इंतजार है। आवश्यकता हुई तो सरकार अध्यादेश लाएगी।
इस दौरान उन्होंने कहा कि जनपद के सात ग्राम पंचायतें जो प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के मैप से गायब होने की गड़बड़ी दूर करने को भारत सरकार को शीघ्र पत्र लिखा जाएगा, ताकि आवास से वंचित ग्रामीणों को लाभान्वित किया जा सके। कहा कि यदि धान खरीद में बिचौलियों की सहभागिता मिली तो केंद्र प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रदेश सरकार एक वर्ष के अंदर बेसहारा पशुओं की समस्या का समाधान करेगी। इसके बाबत विभाग की ओर से कृत्रिम गर्भाधान के तहत केवल बछियां पैदा की योजना बनाई गई है। यह योजना प्रदेश के 20 जनपदों में लागू की जाएगी। प्राइवेट सेक्टरों के गोशाला को मंजूरी देने का काम किया जा रहा है, जहां बेसहारा पशुओं को गोशाला में रखा जा सके। कहा भारत स्वच्छता अभियान में एक लाख 71 हजार 110 शौचालयों का निर्माण कराया गया है। कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से कानून व्यवस्था की स्थिति को बेहतर बनाने के ठोस प्रयास हैं। इससे 19 माह की सरकार में प्रदेश में एक भी दंगा नहीं हुआ। कर्ज माफी के सवाल पर कहा कि केवल किसानों का कर्ज माफ करने से आय नहीं बढ़ेगी। अन्य योजनाओं से भी किसानों को लाभान्वित करना होगा। सपा-बसपा के गठबंधन पर कहा कि गठबंधन होगा या नहीं कहना मुश्किल है। इससे हमारी पार्टी पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है।