पीडीडीयू नगर। ट्रेनों के साधारण टिकट के लिए टिकट खिड़की पर लंबी कतार भूल जाइए। क्योेंकि अब अपने मोबाइल से ही ट्रेनों का जनरल टिकट ले सकेंगे हैं। 24 सितंबर से पूर्व मध्य रेलवे में इसकी शुरूआत हो गई है। इससे स्थानीय मंडल के पीडीडीयू जंक्शन और गया जैसे भीड़ भाड़ वाले स्टेशनों के साथ मंडल के सासाराम, रफीगंज, विक्रमगंज, डेहरी आन सोन सहित सभी स्टेशन से यात्रा करने वालों को फायदा होगा।
अब तक यात्री आईआरसीटीसी से घर बैठे रिजर्वेशन कराकर मोबाइल पर आए संदेश के आधार पर यात्रा कर रहे थे। अब यूटीएस एप की शुरूआत की गई है। इस एप को अपने मोबाइल पर डाउनलोड कर यात्री किसी स्टेशन का सामान्य टिकट ले सकते हैं । इससे यात्री को टिकट खिड़की पर लंबी लाइन लगाने से बच जाएंगे। ट्रेन में टीटी को मोबाइल पर आए संदेश को दिखाना होगा। यदि सिर्फ पीडीडीयू जंक्शन की बात करें तो यहां से प्रतिदिन पंद्रह से बीस हजार यात्री विभिन्न ट्रेनों पर सवार होते हैं और उतरते हैं। यहां प्रतिदिन दस हजार साधारण टिकटों की बिक्री होती है। इसके लिए छह टिकट खिड़की बनाए गए हैं। बावजूद इसके ट्रेनों के आने के समय यात्रियों की लंबी कतार लग जाती है। कई बार टिकट लेने के चक्कर में यात्रियों की ट्रेन छूट जाती है। यही स्थिति गया सहित अन्य महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन की भी है। इस एप के लोड करने के बाद इन सभी परेशानियों से छूटकारा मिल सकता है। पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि पूर्व मध्य रेलवे के सभी स्टेशनों से इस एप से टिकट लेकर यात्रा किया जा सकता है।
जीपीएस सक्षम एंड्रायड अथवा विंडो स्मार्ट फोन के गूगल प्ले स्टोर या विंडो स्टोर से यूटीएस मोबाइल एप डाउनलोड करना पड़ेगा। इसमें मोबाइल नंबर, नाम, शहर का नाम, मतदाता पहचान पत्र, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट, स्कूली पहचान पत्र, बैंक पासबुक, क्रेडिट कार्ड आदि नंबर डाल कर साइन अप करना होगा। इस तरह रजिस्ट्रेशन हो जाएगा, इसके बाद मोबाइल पर एसएमएस के जरिए चार अंकों पासवर्ड मिलेगा और शून्य बैलेंस के साथ आर वालेट बनाया जाएगा। इसके बाद समीप के स्टेशन पर अनारिक्षत टिकट काउंटर पर पहुंच कर रिचार्ज कराना होगा। रिचार्ज सौ रुपये से पांच हजार रुपये तक का होगा। इसके बाद यात्रा टिकट, प्लेटफार्म टिकट, मासिक सीजन टिकट इसके लिए लिया जा सकता है। आर वालेट का पैसा खत्म होने पर फिर से रिचार्ज करना होगा।
इस एप्लीकेशन से टिकटों की बुकिंग स्टेशन परिसर से बाहर कहीं से भी की जा सकती है और पूर्व मध्य रेलवे के किसी भी स्टेशन के लिए की जा सकती है। टिकट बुक कराने के तीन घंटे के भीतर यात्रा शुरू करनी होगी। प्लेटफार्म टिकट की वैधता बुकिंग समय से दो घंटे के लिए होगी। सीजन टिक जारी किए जाने से अगले दिन से मान्य होगी। एक बार में अधिकतम चार यात्रियों के लिए साधारण टिकट बुक होगी। मासिक टिकट धारकों को यात्रा के दौरान मूल पहचान पत्र रखना होगा।