चंदौली। ग्राम स्वराज अभियान के तहत जनपद में संचालित योजनाओं का हकीकत जानने के लिए केंद्र सरकार जनपद को सर्वे कराने जा रही है। मिडस्ट्रीम आर्केटिम सर्वे एंड रिसर्च को चंदौली जनपद की जिम्मेदारी दी गई है। जिसके दो सदस्य पांच अगस्त से 11 अगस्त तक जनपद में विकास कार्यो को परखेंगे और रिर्पोट तैयार कर सरकार को सौंपेंगी।
प्रधानमंत्री ग्राम स्वराज अभियान के तहत जनपद में उज्जवला, सौभाग्य, जनधन, जीवन ज्योति सहित कई योजनाएं सचालित हो रही है। इन योजनाओं के तहत कितने लोगों को लाभ मिला है यह जानने के लिए केंद्र की एक टीम पांच अगस्त को जिले में पहुंच रही है। ग्रामीण विकास मंत्रालय के प्रमुख सलाहकार सुधांशु कुमार ने डीएम और सीडीओ को पत्र भेजकर सर्वे टीम का सहयोग करने का निर्देश दिया है। जानकारी देते हुए सीडीओ डा. एके श्रीवास्तव ने बताया कि केद्र से आने वाली टीम तीन ब्लाकों के दस गांवों का दौरा करेगी और वहां संचालित योजनाओं का भौतिक मूल्यांकन भी करेगी। टीम के सहयोग करने के लिए संबंधित अधिकारियों की तैनाती करने के लिए परियोजना निदेशक मुकेश कुमार को निर्देश दिया गया है। जो आधिकारियों और सर्वे टीम के साथ समन्वय स्थापित करके सर्वे कार्य पूरा कराने में सहयोग करेंगे।