बबुरी। क्षेत्र के सीकरी गांव में सांसद निधि से ग्राम समाज की निर्धारित जमीन पर ट्यूबवेल बोरिंग न कराकर निजी भूमि पर बोरिंग कराए जाने पर सोमवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने एक्सईन को घेर लिया। बाद में पूर्व निर्धारित स्थान पर ही बोरिंग शुरू कराए जाने के बाद ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ।
क्षेत्र के सीकरी गांव में सांसद निधि से लगभग 45 लाख रुपये की लागत ट्यूबवेल का निर्माण होना है। इसके लिए दो दिनों पूर्व ग्राम समाज की जमीन पर भूमि पूजन के बाद बोरिंग का कार्य शुरू हुआ। इसके बाद 170 फीट की बोरिंग होने के बाद ठेकेदार सोमवार को मशीन उठाकर बोरिंग के लिए एक व्यक्ति के निजी जमीन पर ले गया। इसकी सूचना लगते ही ग्रामीण नाराज हो गए। आरोप लगाया कि एक बड़े नेता के निर्देश पर सांसद निधि से होने वाली ट्यूबवेल की बोरिंग को निजी भूमि पर करा रहे हैं। ग्रामीणों की नाराजगी देख एक्सईएन मौके पर पहुंचे तो सभी ने उन्हें घेर लिया। ग्रामीणों के नाराजगी के बाद एक्सईएन के निर्देश पर बोरिंग का कार्य पुन: े ग्राम समाज की जमीन पर शुरू करवाया गया। तब जाकर ग्रामीण शांत हुए। इस संबंध में एक्सईएन नलकूप सलिल कुमार कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि ग्रामीणों की ओर से लगाए गए सभी आरोप निराधार है। बताया कि गांव में दो पक्षों के विवाद के चलते बोरिंग का कार्य प्रभावित हुआ था। कहा फिर से कार्य को ग्राम समाज की भूमि पर शुरू कराया गया है। इस दौरान बब्बू सिंह, बहादुर मौर्य, योगेंद्र सिंह, बीरबल तिवारी, मनोज सिंह, गुड्डू सिंह, जय भारत, पप्पू मौर्या, डब्बू तिवारी, दिवाकर, रामदयाल, लक्ष्मीनारायण, गौतम, मुरारी मौजूद रहे ।