सकलडीहा। बलुआ, अलीनगर और धीना में लगने वाले जाम से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। शनिवार को भी विभिन्न मार्गोँ पर लंबा जाम लगा रहा। जिससे नाराज अधिवक्ताओं ने पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया और न्यायिक कार्य से विरत रहे। नाराज अधिवक्ता शनिवार को कार्य बहिष्कार कर तहसील के गेट पर प्रदर्शन किया। जाम की समस्या से निबटने के लिए अपर आयुक्त को पत्रक सौंपा।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह के कड़े निर्देश के बाद भी बलुआ, सकलडीहा, धीना और अलीनगर थाने की पुलिस जाम की समस्या को लेकर गंभीर नहीं है। शनिवार की सुबह से ही बलुआ, सकलडीहा, धीना और अलीनगर मार्गो पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। अधिवक्ताओं का कहना है कि जाम लगने से कचहरी पहुंचने में घंटों का समय लग जाता है। साथ ही दुर्घटना होने की आशंका रहती है। इस समय बोर्ड परीक्षाएं चल रही है जिससे परीक्षार्थियों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। वार्षिक समीक्षा बैठक में आए अपर आयुक्त वाराणसी मंडल ओमप्रकाश चौबे और एसडीएम को ज्ञापन सौंप समस्या से निजात दिलाने की मांग की। इस मौके पर डेमोक्रेटिक बार के संरक्षक अजय सिंह, बार अध्यक्ष दीनानाथ कुशवाहा, श्रीकांत सिंह, रमाशंकर खरवार, रोहित सिंह, रविंद्र सिंह, आनंद सिंह, महेंद्र राजभर, विजय कुमार, सुरेंद्रकांत मिश्रा मौजूद रहे।