चंदौली। जिले के विभिन्न इलाकों में सोमवार को पूरे दिन बारिश हुई। इससे निचले इलाकों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई है, वहीं रास्तों पर कीचड़ व फिसलन के कारण आवागमन में लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। पूरे दिन लगातार बारिश होने से लोगों के कई जरूरी कामकाज भी प्रभावित हुए। वहीं बाजार में सन्नाटा छाया रहा।
विदित हो कि जुलाई माह के शुरुआत से ही जनपद में बारिश का क्रम अनवरत जारी है। पिछले कई दिनों से जनपद के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी था। आलम यह था कि हल्की बूंदा-बांदी और बारिश की फुहारों से लोगों ने उमस भरी गर्मी से राहत ली। बीते रविवार को जनपद के कई हिस्सों में बारिश हुई। सोमवार को प्रात: दस बजे पुन: बारिश हल्की बारिश शुरू हो गई। दोपहर के वक्त करीब एक घंटे तक झमाझम बारिश हुई, जिससे नगरीय इलाकों के अलावा ग्रामीण इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। मुख्यालय पर कई वार्ड जलभराव की चपेट में आ गए, वहीं ग्रामीण इलाकों में ऐसी समस्या देखने मिली। आलम यह था कि रास्तों पर नाबदान का पानी एकत्रित हो जाने से लोग परेशान दिखे। वहीं ग्रामीण इलाकों में कीचड़ व फिसलन से लोगों की दुश्वारियां बढ़ गईं। हालांकि देर शाम तक रिमझिम बारिश का सिलसिला जारी रहा। इससे कहीं अधिक भयावह स्थिति नगरीय क्षेत्र की है, जहां कई इलाके बारिश व गंदे पानी से लबालब हैं। वहीं गड्ढा युक्त सड़कें जानलेवा साबित हो रही हैं। निकासी की व्यवस्था नहीं होने से लोगों के घरों में गंदा पानी घुस रहा है।
------
कचहरी और सरकारी स्कूलों में जलभराव
चंदौली। बारिश के बाद जिला मुख्यालय की तस्वीर एकदम से बदल गई है। निकासी की पुरानी समस्या तो थी, वर्तमान में हाइवे चौड़ीकरण के लिए खोदे गए गड्ढे लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गए है। आलम यह है कि कई सरकारी भवन बारिश के पानी से घिर गए है, वहीं कुछ परिसरों तक जाने का रास्ता नहीं है। सोमवार को पूरे दिन हुई बारिश के बाद कचहरी परिसर में पानी का पानी जमा हो गया, जिससे अधिवक्ताओं व वादकारियों को परेशानी उठानी पड़ी। वहीं कचहरी के सामने सर्विस रोड व मुख्य पुलिया के नीचे बारिश का पानी जमा हो गया था, जिससे कई लोग गिरकर चोटिल हो गए। पैदल राहगीरों को भी आने-जाने में दुश्वारियों का सामना करना पड़ा। इसके अतिरिक्त प्राथमिक विद्यालय प्रथम व द्वितीय तथा पूर्व माध्यमिक विद्यालय सदर, सदर बीआरसी, पुलिस लाइन, पुराना कलेक्ट्रेट आदि सरकारी भवन जलभराव की चपेट में है, जिससे लोगों का कार्यालय जाने में दिक्कत हुई, वहीं स्कूली बच्चे बैग लिए वापस घर लौट गए।