सकलडीहा (चंदौली)। जिलाधिकारी हेमंत कुमार के आदेश को आधिकारी और शिक्षक कितना गंभीरता से लेते हैं यह देखने और समझने से लग रहा है। बीते दिनों परिषदीय विद्यालय के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय में यूनिफार्म और बैग वितरण कराने का विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया था। विद्यालय में फैली गंदगी को देखकर उन्होने बीडीओ को सफाई कर्मी नियुक्त करने को कहा था। लेकिन दो सप्ताह बाद भी अधिकारी मौन साधे हुए हैं। इसे लेकर लोगों में आक्रोश है।
15 जुलाई को जिलाधिकारी हेमंत कुमार और एसपी संतोष कुमार सिंह सकलडीहा कोतवाली में समाधान दिवस के बाद कस्बा के परिषदीय विद्यालय का निरीक्षण किया था। स्कूल में गंदगी देख शिक्षक और बीईओ को कड़ी फटकार लगाई थी। यही नहीं पुरानी यूनिफार्म और बैग में बच्चों को देख आग बबूला हो गए और उन्होंने बीएसए और डीपीआरओ को फोन करके तुरंत नए यूनिफार्म के साथ बच्चों को बैग दिलाने व स्कूल में सफाईकर्मी नियुक्त करने का निर्देश दिया था। यही नहीं एसडीएम विकास सिंह ने भी बीडीओ को फोन करके सफाईकर्मी के लिए कहा था, लेकिन डीएम एसडीएम की निर्देशों के बावजूद अधिकारियों के कान पर जूं तक नहीं रेंगा। इस संबंध में बीईओ केके सिंह ने रटा रटाया जवाब शीघ्र वितरण कराने की बात दोहराई। जबकि बरसात से स्कूल और कस्बा में जल जमाव हो जा रहा है। जिसे लेकर लोगों में आक्रोश है।