मुगलसराय। सुरक्षा बलों के लाख प्रयास के बाद भी ट्रेनों में सामान चोरी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को दो अलग अलग ट्रेनों में चार यात्रियों का दो से ढाई लाख रुपये मूल्य के नकदी और जेवरात चुरा लिए। ट्रेनों के मुगलसराय पहुंचने पर यात्रियों की शिकायत पर जीआरपी ने मुकदमा दर्ज कर संबंधित थाने को भेज दिया।
मुंबई से भागलपुर जा रही डाउन 12336 लोकमान्य तिलक भागलपुर एक्सप्रेस सुपरफास्ट ट्रेन के कोच संख्या एस - 3 के सीट संख्या 9 और 10 पर सुनैना देवी यात्रा कर रही थी। पिपरिया और जबलपुर स्टेशनों के बीच उचक्कों ने उनका बैग उड़ा दिया। बैग में सोने का झूमका, सोने की अंगूठी, मोबाइल, रेल टिकट, अधार कार्ड तथा आठ हजार रुपये नगदी रहे। इसी तरह इसी ट्रेन के कोच संख्या एस -13 में सीट नंबर 65, 66, 67 और 68 पर मुंगेर बिहार निवासिनी शबाना आजमी अपने परिवार के साथ यात्रा कर रही थी। यात्रा के दौरान जबलपुर स्टेशन पर चोरों ने इनका बैग उड़ा दिया। बैग में सोने की अंगूठी, लौंग, तीन मोबाइल सेट, एटीएम कार्ड, पास बुक, टिकट तथा दस हजार रुपये थे। इसी तरह नई दिल्ली से इस्लामपुर जा रही 12402 डॉउन मगध एक्सप्रेस ट्रेन के कोच संख्या एस-3 के सीट नंबर 2, 3 और 5 पर वंदना कुमारी अपने परिवार वालों के साथ नई दिल्ली से पटना की यात्रा कर रही थी। कानपुर स्टेशन के करीब उचक्कों ने बैग उड़ा दिया। बैग में सोने का मंगलसूत्र, झुमका, पैन कार्ड, कपड़े आदि सामान थे। इसी ट्रेन के कोच संख्या -10 के सीट नंबर 69 पर विकास नामक यात्री यात्रा कर रहा था। उचक्कों ने इनका कीमती मोबाइल उड़ा दिया। सोमवार को ट्रेनों के मुगलसराय पहुंचने पर यात्रियों ने इसकी शिकायत जीआरपी से की। तहरीर के आधार पर जीआरपी ने मुकदमा दर्ज कर केस संबंधित थानों को भेज दिया।इस सबंध में जीआरपी प्रभारी आरके सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है और संबंधित थानों को भेज दिया गयाहै।