चंदौली। कोषागार से पेंशन प्राप्त कर रहे शारीरिक रूप से असमर्थ पेंशनरों को अपने जीवन प्रमाण पत्र रजिस्ट्रेशन के लिए कोषागार का चक्कर काटने की जरूरत नहीं पड़ेगी। मुख्य कोषाधिकारी ने ऐसे पेंशनरों का घर-घर जाकर रजिस्ट्रेशन कराए जाने की योजना बनाई है। इसका लाभ लेने के लिए पेंशनर के परिवार के सदस्य को कोषाधिकारी कार्यालय में आवेदन करना होगा। अब तक तीन हजार से अधिक पेंशनरों का डिजिटल पंजीकरण किया जा चुका है।
मुख्य कोषाधिकारी सदन गोपाल मिश्र ने बताया कि कोषागार से पेंशन प्राप्त करने वाले ऐसे पेंशनर जो चल फिर पाने में असमर्थ हैं, उनके जीवन प्रमाण पत्र रजिस्टेशन के लिए विभागीय कर्मचारियों को लगाया गया है। कर्मचारी लैपटाप, वाई-फाई, आई स्कैनर संग पेंशनर के घर जाकर उनका पंजीकरण करेंगे। बताया कि अन्य पेंशनर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र के रजिस्ट्रेशन हेतु कोषागार कार्यालय में किसी भी कार्य दिवस में अपने बैंक पासबुक, आधार कार्ड और मोबाइल संग उपस्थित होकर पंजीकरण करा सकते हैं। बताया कि इस समय अभियान चलाकर पंजीकरण का कार्य कराया जा रहा है।