दुलहीपुर में परीक्षा केंद्र के बाहर प्रवेश पत्र की जांच करते शिक्षक। स्रोत:-जागरूक पाठक
पीडीडीयू नगर। माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा आयोजित हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा में मंगलवार को 2454 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दिया। पहली पाली में 2112 और दूसरी पाली में 342 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। जिले के 82 केंद्रों पर मंगलवार को हाईस्कूल में चित्रकला विषय की परीक्षा में पंजीकृत 25425 परीक्षार्थियों में 23313 उपस्थित व 2112 अनुपस्थित रहे।
वहीं दूसरी पाली में इंटर के गृहविज्ञान में पंजीकृत 5045 में 4703 उपस्थित रही जबकि 342 अनुपस्थित रहीं। डीआईओएस देवेंद्र सिंह ने बताया कि परीक्षा को नकलविहीन कराने के लिए जिले पर स्थित कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी की जा रही है। सचल दल की टीम भी लगातार केंद्रों का भ्रमण कर रही है।