चंदौली। एडिशनल सीएमओ डा. डीके सिंह के नेतृत्व में गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने चार निजी अस्पतालों का औचक निरीक्षण किया। इसमें मरीजों के इलाज में अनियमितता पाई। इस पर सभी अस्पताल संचालकों को नोटिस जारी करते हुए सुधार न होने पर अस्पतालों का पंजीकरण रद्द करने की चेतावनी दी।
स्वास्थ्य विभाग की टीम फुटिया स्थित आस्था हास्पिटल पहुंची जहां अस्पताल में कोई पंजीकृत चिकित्सक अथवा पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद नहीं था। वहां अस्पताल में आठ सीजेरियन, एक हार्निया व दो पथरी के मरीज भर्ती पाए गए। अस्पताल संचालक चिकित्सालय से सम्बंधित ओपीडी रजिस्टर, मरीज भर्ती फार्म, रजिस्टर व मरीज के उपचार से सम्बंधित दस्तावेज भी नहीं दिखा सके। इसके बाद टीम ने सैयदराजा स्थित देव हास्पिटल, सद्गुरु चिकित्सालय व जमूर्ति हास्पिटल का भी निरीक्षण किया जहां चिकित्सक व पैरामेडिकल स्टाफ का अभाव रहा। एसीएमओ ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी अस्पताल संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया। उचित जवाब न देने पर अस्पतालों का पंजीकरण रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान सहायक शोध अधिकारी विद्युत प्रकाश सिंह सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी शामिल रहे।