पीडीडीयू नगर। राफेल डील में सरकार पर भ्रष्टाचार का झूठा आरोप लगाने के विरोध में नगर के काली महाल के युवाओं ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का पुतला दहन किया। सुप्रीम कोर्ट से सरकार को क्लीन चिट मिलने के बाद राहुल गांधी से देश से माफी मांगने की मांग की गई। आरोप लगाया कि कांग्रेस अध्यक्ष ने चुनाव में जीत के लिए देश से झूठ बोला।
सभासद जितेन्द्र कुमार ने कहा कि कांग्रेस का झूठ बोलने का पुराना इतिहास रहा है। देश को गुमराह कर सरकार के प्रति नफरत पैदा करवाते हैं। बाद में मामला झूठा निकलता है। कहा कि वर्ष 2004 में अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में ताबूत घोटाले का आरोप लगाया गया। बाद में कोर्ट ने इसमें सरकार को क्लीन चिट दी। अब राहुल गांधी ने जोर शोर से राफेल डील में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। पांच राज्यों के चुनाव में हर जगह उन्होंने सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। अब सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में पूरे डील को पारदर्शी बताया। ऐसे में राहुल गांधी को अब इस झूठ के लिए देश को माफी मांगनी चाहिए। पुतला दहन करने वालों में राजीव सेठ, सुनीता मिश्रा, जितेंद्र मिश्रा, नागेंद्र तिवारी, आकाश तिवारी, आशीष तिवारी, विक्की गुप्ता, धीरज गुप्ता, ड़ॉ. प्रमोद, विपिन चौबे, पंकज साह रहे।