चंदौली। सदर ब्लाक के मद्दुपुर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में गुरुवार को कृषि विभाग की ओर से किसान पाठशाला का आयोजन किया गया। इसमें किसानों को आधूनिक खेती, जैविक खादों और उन्नतशील बीज का प्रयोग करने की जानकारी दी गई। साथ ही किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना व ऋण मोचन योजना के बारे में बताया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को पशुपालन व मत्स्य पालन के द्वारा आय बढ़ाने पर भी जोर दिया ।
पाठशाला के दौरान कृषि उपनिदेशक विजय सिंह ने बताया ने किसानों को पशुपालन व मत्स्य पालन के बारे में जानकारी दी। कहा कि पशुपालन व मत्स्य पालन भी रोजगार का बेहतरीन जरिया हैं। सरकार द्वारा इनपर अनुदान भी दिया जा रहा है। किसान इन योजनाओं का लाभ जरुर उठाएं। कहा कि रबी की बुआई के दौरान किसानों को उन्नत प्रजाति के बीज का प्रयोग करना चाहिए तथा खेत में बुआई के दौरान जीरो ट्रील या हैप्पी सीडर का इस्तेमाल करना चाहिए। इससे बीज का जमाव सही होता है। कहा कि रासायनिक खादों के अलावा किसान को जैविक खाद का भी प्रयोग करना चाहिए। जिससे खेती में किसान कम लागत में अधिक उपज प्राप्त कर सकता है। कहा कि सरकार की ओर से भी किसानों को कृषि यंत्रों पर भारी अनुदान दिया जा रहा है। जिसके लिए किसान विभाग में अपना पंजीकरण कराकर योजना का लाभ ले सकते है। कहा की धान के कटाई के बाद कृषि अवशेषों को जलाने के बजाय प्रबंधन पर जोर देना चाहिए। इससे खेत की उर्वरा शक्ति बरकरार रही है और अगली फसल की पैदावार अधिक होती है। इस दौरान किसानों ने भी अपनी समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा।