पीडीडीयू नगर। डांडी स्थित सनबीम स्कूल के प्रांगण में सोमवार को स्विट्जरलैंड से आए
प्रेरणात्मक वक्ता मार्सिल विलेम्स ने छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने छात्रों को अपने सपने साकार करने के लिए टिप्स दिए। मार्सिल वर्ष 2016 से संपूर्ण विश्व में छात्रों से मिलकर उनके हित के लिए कार्य कर रहे हैं।
बताया कि उन्होंने वर्ष 2016 में स्विस पाथवे नामक संस्था प्रारम्भ की। वाराणसी प्रवास के दौरान उनकी भेंट रोटरी क्लब के सदस्य राजीव अग्रवाल से हुई। मार्सिल ने छात्रो को बताया कि लक्ष्य का निर्धारण करने के पश्चात् उसकी प्राप्ति के लिए पहला सूत्र है स्वप्न देखना। इसके बाद आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए आगे बढ़ना चाहिए। भय का जीवन में कोई स्थान नहीं है। भय प्रगति के मार्ग की बाधा है। जीवन में नकारात्मक सोच को हटा कर साकारात्मक दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। प्रत्येक छात्र व छात्रा में आपार कौशल निहित
है। इस मौके पर वाराणसी के प्रमुख व्यवसायी वेद प्रकाश ने भी छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। प्रधानाचार्य सीके पालित ने आगंतुकों का आभार प्रकट किया।