पीडीडीयू नगर। डाला छठ के मद्देनजर बिहार और झारखंड की ओर जाने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षित यात्रा के लिए बक्सर जीआरपी े पीडीडीयू जंक्शन पहुंच गई है। शनिवार आरपीएफ के साथ मिलकर डाउन की ट्रेनों में यात्रा कर रहे यात्रियों को जागरूक किया। जहरखुरानों से बचने की सलाह देने के साथ ही चेतावनी भी जारी की गई कि शराब पीकर या शराब के साथ बिहार राज्य में प्रवेश न करें। पकड़े गए तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
छठ पर्व के दृष्टिगत प्रतिदिन काफी संख्या में लोग विभिन्न ट्रेनों के जरिए बिहार जा रहे हैं। जंक्शन पर भीड़ का दबाव बढ़ गया है। जहरखुरान गिरोह के सदस्य भी सक्रिय हो गए हैं। ऐसे में रेलवे सुरक्षा तंत्र के साथ बक्सर जीआरपी भी सक्रिय हो गई है। जीआरपी के चार दारोगा और 16 कांस्टेबलों की जंक्शन पर ड्यूटी लगा दी गई है। पांच-पांच सदस्यों की चार टीम सुबह छह से रात दस बजे तक प्लेटफार्मों पर मुस्तैदी के साथ ड्यूटी कर रही है। लाउड स्पीकर से प्रचार करने के साथ पंपलेट भी बांटे जा रहे हैं। शनिवार को भी टीम ने बिहार को जाने वाली ट्रेनों में अभियान चलाकर यात्रियों को सतर्क किया। निरीक्षक अजय कुमार ने बताया कि एसपी रेलवे पटना अशोक कुमार के निर्देश पर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। टीम 13 नवंबर तक जंक्शन पर रहेगी।