कंदवा। बरहनी विकास खंड के संयुक्त चिकित्सालय अमड़ा, ओयरचक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पई में तमाम प्रयास के बाद भी स्वास्थ्य विभाग आज तक बिजली और पानी की व्यवस्था नहीं कर सका है। जिससे मरीजों के साथ साथ चिकित्सक और अन्य स्वास्थ्य कर्मी भी तरह तरह की कठिनाइयों से जूझ रहे हैं।
क्षेत्र के अमड़ा और ओयरचक गांव में क्षेत्रीय लोगों की बेहतर चिकित्सकीय सुविधा के लिए वर्ष 1972-73 में संयुक्त चिकित्सालय की स्थापना की गई थी। शुरुआती दिनों में लोगों को बेहतर चिकित्सकीय सुविधाएं भी मिली। लेकिन इतने वर्ष बाद भी अब तक स्वास्थ्य विभाग प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पई , संयुक्त चिकित्सालय अमड़ा और ओयरचक में आज तक बिजली की सुविधा उपलब्ध नहीं करा पाया और तो और पई और ओयरचक के अस्पतालों पर पीने के पानी की भी ठीक व्यवस्था नहीं है। मरीजों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पई, संयुक्त चिकित्सालय अमड़ा और ओयरचक में पंखे तो लटक गए लेकिन बिजली नहीं पहुंची। क्षेत्र के देवेंद्र राय, डा. समर बहादुर सिंह, धर्मेंद्र उपाध्याय, धर्मेंद्र सिंह, धनंजय उपाध्याय, रामदास चौरसिया, संजय सिंह ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए अमड़ा, ओयरचक और पई स्वास्थ्य केंद्र पर तत्काल बिजली की व्यवस्था कराए जाने की मांग की है।