कमालपुर। भारत सरकार द्वारा उज्ज्वला योजना के तहत लोगों को दिए जाने वाले रसोई गैस कनेक्शन को एजेंसी संचालकों द्वारा बंद किया जाने लगा है। जिससे कनेक्शन लिए लोगों में एजेंसी संचालकों के प्रति नाराजगी है।
कस्बा में संचालित कमालपुर इंडेन गैस एजेंसी के संचालक रामभोज ने बताया कि उज्जवला योजना के तहत रसोई गैस बांटी गई थी। भारत सरकार के निर्देश पर पहले सूची में नाम के तहत गैस कनेक्शन और सिलेंडर दिया गया था। परंतु अब इसमें बदलाव कर परिवार के मुखिया के नाम से एक ही कनेक्शन वैध माना जा रहा है। ऐसे में उज्जवला योजना के तहत कई लोगों का कनेक्शन अवैध हो गया है।
कमालपुर एजेंसी के दो सौ 88 लोगों का कनेक्शन काटा गया है। जबकि अतरवासी गैस एजेंसी ख़रीहनिया में तीन सौ 50 लोगों का कनेक्शन बंद हो गया है। कमालपुर एजेंसी संचालक रामभोज ने बताया कि जिस उपभोक्ता का कनेक्शन बंद हो गया है वें 16 सौ रुपये जमा कराकर सब्सिडी के तहत नियमित हो सकते है। सरकार के इस फैसले पर समाज सेवी अंजनी सिंह, बचाऊ सिंह, रामअशीष यादव, चौथी राम, अखिलेश सिंह, राजीव सिंह, इंदल यादव, ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि भारत सरकार के ही द्वारा ग्रामीण इलाके के पात्र गृहस्थी, बी पी एल परिवार के लोगों की सूची चयनित की गई थी और सूची के हिसाब से लोगों का चयन करके उन्हें उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन दिया गया था। आरोप लगाया कि सरकार केवल गरीबों को भ्रमित कर रही है और रोज नए नए नियम बना रही हैं। जिससे गरीबों का शोषण किया जा रहा है। चेताया कि जल्द गरीबों का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ तो ग्रामीणों सरकार और एजेंसी संचालकों के खिलाफ सड़क पर उतरेंगे।