चहनिया। बलुआ स्थित पश्चिम वाहिनी गंगा तट पर गंगा दशहरा के अवसर पर बृहस्पतिवार को करीब 20 हजार श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। स्नान के बाद लोगों ने दान भी किया। स्नान दान का सिलसिला भोर से ही शुरू हो गया।
गंगा दशहरा के दिन मंदिरों में लोग दर्शन-पूजन पूजन करते हैं। इस मौके पर लोगों ने मोक्षदायिनी मां गंगा की पूजा की। गंगा स्नान व पूजन के बाद भिक्षुओं को दान दिया। भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। बलुआ इंस्पेक्टर डॉ. आशीष मिश्रा के साथ भारी मात्रा में पुलिस घाट और नाव से चक्रमण करती रही। पुलिसकर्मी लोगों को रस्सा के अंदर ही स्नान करने की नसीहत देते रहे। इसके अलावा गंगा सेवा समिति के अध्यक्ष दीपक जायसवाल के नेतृत्व में वॉलंटियर भी लगे रहे। गोताखोर मार्कण्डेय मांझी के नेतृत्व में गोताखोर मक्खन, रवि, आशीष, विजय, विशाल भी लगे रहे। गंगा सेवा समिति के अध्यक्ष दीपक जायसवाल की देखरेख में पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन से वार्ता कर बुधवार को देर रात तक लाइटिंग, गंगा में बैरिकेडिंग के लिए रस्सा लगाया गया।