चकिया। नगर पंचायत का राजस्व बढ़ाने के लिए पंचायत प्रशासन ने जलकर, गृहकर और दुकानों के बकाए करों की वसूली शुरू करा दी है। इसके लिए छह से अधिक कर्मचारी लगाए गए हैं और अलग-अलग वार्डोँ से पांच-पांच हजार वसूलने का लक्ष्य दिया गया है। जिससे नगर की बुनियादी सुविधाओं का विकास किया जा सके। नगर में जलकर, गृहकर और पंचायत की दुकानों पर करीब 20 लाख रुपये का बकाया है।
नगर प्रशासक उपजिलाधिकारी अजय मिश्रा तथा अधिशासी अधिकारी मेही लाल गौतम ने नगर के जलमूल्य गृहकर तथा दुकान किराया वसूली के लिए प्रभारी कर्मचारी सहित आधा दर्जन कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। नगर पंचायत का लोगों पर गृहकर, जलकर सहित अन्य करों के मद में लगभग 20 लाख रुपये का बकाया है। रविवार को वार्ड नंबर 12 शक्तिनगर तथा वार्ड नंबर 10 चौक की गली में वसूली कार्य करते समय नगर पंचायत के वसूली प्रभारी हाजी इकराम खान ने बताया कि नगर पंचायत के अंतर्गत जलमूल्य गृहकर दुकान किराया वार्षिक से लेकर बकाए तक की वसूली की जा रही है। इसके लिए नगर पंचायत के कर्मचारी मधुसूदन गुप्ता, सुरेश चंद्र, अवधेश कुमार, बृज बिहारी, ओम प्रकाश वसूली कार्य में लगे हुए हैं। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी मेही लाल गौतम ने बताया कि नगर पंचायत के तहत सुविधाओं को निरंतर बहाल रखने के लिए बकाए कर के वसूली के लिए कर्मचारियों को डोर टू डोर जाकर वसूली करने की जिम्मेदारी दी गई है।