नौगढ़। उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों की बैठक रविवार को वारीपुर बाजार स्थित कैंप कार्यालय पर हुई। इसमें व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। इसके अलावा नवंबर माह में होने वाले दुर्गा पूजा महोत्सव के लिए पदाधिकारियों के गठन पर चर्चा के साथ बिजली विभाग पर रीडिंग में मनमानी का आरोप लगाया गया।
व्यापारियों ने बताया विद्युत विभाग की मनमानी और गलत रीडिंग के कारण भारी धनराशि का बिल आने से व्यापारियों में काफी आक्रोश है। इस समस्या के समाधान के लिए संगठन को प्रभावी कार्रवाई करनी होगी। इस पर संगठन के अध्यक्ष ने आश्वस्त किया कि बिजली के सभी बिलों का अधिकारियों के समक्ष पुनरीक्षण कराया जाएगा और संशोधित बिल उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। कहा, भारतीय स्टेट बैंक, तिवारीपुर के कर्मचारियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पिछले दिनों किए गए घेराव व चेतावनी का असर दिख रहा है। बैंक में कार्यरत कर्मचारियों के व्यवहार में काफी परिवर्तन आया है। व्यापारियों ने आधार कार्ड के पंजीकरण का संचालन भारतीय स्टेट बैंक द्वारा कराने के लिए जिलाधिकारी को ज्ञापन देने का निर्णय लिया। बैठक में युवा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष विशाल सिंह राजपूत, महासचिव देव जायसवाल, महामंत्री लाल साहब यादव, मुरली श्रीवास्तव, हरिशंकर पटेल मौजूद थे। अध्यक्षता अभिमन्यु प्रजापति ने की।