सकलडीहा। उपजिलाधिकारी राम संजीवन मौर्य और तहसीलदार पीसी यादव के नेतृत्व में सोमवार को तहसील सभागार में ब्लॉक स्तरीय सर्तकता समिति व अमीनों के साथ बैठक की। चेताया कि बिना सत्यापन के खाद्यान्न वितरण कराने वालों पर निलंबन तक की कार्रवाई की जाएगी। वहीं अधिकारियों ने राजस्व वसूली में सुधार लाने के लिए अमीनों को निर्देशित किया।
बिना सत्यापन के खाद्यान्न वितरण कराने के मामले में तहसील प्रशासन ने सख्त रूख अख्तियार कर लिया है।। जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल के निर्देश पर तहसील सभागार में ब्लॉक स्तरीय सर्तकता समिति के पदाधिकारियों की हुई बैठक में सोमवार को एसडीएम और तहसीलदार के तेवर सख्त दिखाई दिए। पर्यवेक्षणीय अधिकारी द्वारा बगैर सत्यापन खाद्यान वितरण कराने पर निलंबित करने की चेतावनी अधिकारियों ने दी। इसके साथ ही छूटे पात्रों को सम्मलित कर व आधार से लिंक और कुपोषित बच्चों के माता-पिता का राशन कार्ड बनवाने करने का निर्देश दिया। बाद में अमीनों के साथ बैठक वसूली की समीक्षा की। लक्ष्य के अनुरूप वसूली न होने पर कई अमीनों को कड़ी फटकार लगाई। इस दौरान नायब तहसीलदार अमित त्रिपाठी, पूर्ति निरीक्षक अमित द्विवेदी, केके मिश्रा, केके सिंह, अमित सिंह, सीडीपीओ अवधेश सिंह, अमित यादव, सुनीता सिंह, रजिस्ट्रार गुरू प्रसाद, रोहित सिंह मौजूद रहे।