मुगलसराय। अग्नि शमन सेवा सप्ताह के तहत मंगलवार को अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने नगर के विभिन्न इमारतों, होटलों आदि की जांच पड़ताल की और यहां आग से बचाव के उपायों को देखा। विभाग के अधिकारियों ने भवनों में लगे फायर इंस्टीग्युंसर, फायर हाइड्रेंट, स्माग सेंसर आदि की जांच पड़ताल की। यही नहीं होटल के कर्मचारियों को उपकरणों को चलाने का प्रशिक्षण भी दिया।
गर्मी के दिनों में अक्सर भवनों में आग लगने की घटनाएं होती रहती है और इससे जान माल का नुकसान होता है। 14 से बीस अप्रैल तक अग्निशमन सेवा सप्ताह मनाया जा रहा है। इसके तहत प्रतिदिन विविध कार्यक्रम हो रहे हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुभाष सिंह की देख रेख में नगर के विभिन्न होटलों में जांच की गई। टीम के सदस्य सबसे पहले नगर के जीटी रोड पर स्थित होटल जेनेक्स प्लाजा पहुंचे। यहां फायर इंस्टीग्यूसर, फायर हाइड्रेंट आदि को चलवा कर देखा और कर्मचारियों से इसका इस्तेमाल कराकर आग लगने की स्थिति में उनकी तैयारियों को परखा। इसके बाद आईपी माल में पहुंच कर भी अग्नि सुरक्षा उपायों की जांच पड़ताल की। यहां धूंआ कर स्माग सेंसर की स्थिति को भी परखा। इस दौरान हैंडबिल बाट कर आग लगने के कारण, सुरक्षा के लिए प्राथमिक उपाय और उपकरणों को चलाने संबंधी नियमों के बारे में बताया। इसी तरह होटल सरस्वती, होटल सनसाइन, ग्रेप वाइन होटल कटेसर, जीत होम्स अपार्टमेंट कटेसर, गणपत अपार्टमेंट सेमरा, के साथ नगर के लगभग सभी बड़े होटल, इमारत, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में पहुंच कर आग लगने पर सुरक्षा के उपायों की जांच की। इस दौरान फायर स्टेशन प्रभारी नरेन्द्र कुमार सिंह, लक्ष्मण यादव, संजय सिंह रहे।