कंदवा। साहुपुरी से अमड़ा विद्युत उपकेंद्र तक आई मेन लाइन में शनिवार की शाम तकनीकी खराबी आ जाने से लगभग 130 गावों, 70 नलकूपों और कर्मनाशा नदी से जुड़े 70 लिफ्ट कैनालों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई है। जिससे फसलों की सिंचाई में दिक्कत आने के साथ-साथ लोगों को इस भीषण गर्मी में काफी परेशानी हो रही है।
क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की स्थिति काफी खराब है। कभी जर्जर तार तो कभी अनियमित कटौती की वजह से ग्रामीणों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। बिजली कब आएगी और कब जएगी कोई ठीक नहीं । बारिश न होने से सिंचाई भी प्रभावित हो रही है। जिस पर कोई गंभीरता से ध्यान नहीं दे रहा है।
शनिवार की शाम करीब 5 बजे अमड़ा विद्युत उपकेंद्र की आपूर्ति अचानक जमानिया से ठप हो गई। जिससे अमड़ा विद्युत उपकेंद्र से संचालित होने वाले जेवरियाबाद, धीना, ककरैत, ररुआ और विश्व बैंक फीडर से जुड़े 130 गांवों, 70 राजकीय नलकूपों और कर्मनाशा नदी में लगे 10 लिफ्ट कैनालों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। बिजली जाते ही लोगों की बेचैनी बढ़ गई। विद्युत आपूर्ति देर तक शुरू न होने पर कुछ लोग विद्युत उपकेन्द्र पर पहुंच गए तो वहीं पावर हाउस का मोबाइल भी घनघनाना शुरू हो गया। इस संबंध में अमड़ा विद्युत उपकेन्द्र के अवर अभियंता मनोज पटेल ने बताया कि साहुपुरी विद्युत केंद्र में आई तकनीकी खराबी के चलते विद्युत आपूर्ति ठप हो गई थी। जिसे जल्द ही ठीक कराकर आपूर्ति बहाल करा दिया जाएगा।
अघोषित बिजली कटौती से जनजीवन अस्त व्यस्त
इलिया (ब्यूरो )। लंबे समय से बिजली कटौती को लेकर लोगों की मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रही है। विद्युत विभाग एक तो अघोषित विद्युत कटौती की जा रही है और जो बिजली मिल रही है, उसमें भी बार बार ट्रिपिंग।24 घंटे में इन दिनों स्थानीय विद्युत उप केंद्र से क्षेत्रवासियों को मात्रा 8 से 10 घंटे ही बिजली मिल पा रहे हैं। जिससे ज्यादा मुश्किल उस समय हो रही है जब आधी रात में बगैर कटौती आदेश की बिजली 5 से 6 घंटे काट दी जा रही है। स्थिति यह है कि लोगों के घरों में लगे इनवर्टर जवाब दे जा रहा है । इस संबंध में बिजली विभाग के अवर अभियंता घनश्याम ने बताया कि आगे से ही बिजली काटी जा रही है जिसे समस्या हो रही है।