मुगलसराय। ट्रेन लेकर दिल्ली से मुगलसराय आ रहे टीटीई की तबियत खराब होने पर उसे मंडलीय लोको चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। यहां चिकित्सा कर्मियों की लापरवाही से टीटीई की हालत खराब हो गई। इससे नाराज होकर टीटीई के साथियों ने शुक्रवार की रात अस्पताल में हो हल्ला किया। समझाने बुझाने और ठीक से इलाज कराने का आश्वासन देने पर मामला शांत हुआ।
हंडिया के चतुर्भुजपुर निवासी धीरेन्द्र प्रताप सिंह (57) टीटीई हैं। शुक्रवार को दिल्ली से किसी ट्रेन को लेकर मुगलसराय पहुंचे। रास्ते में टिकट चेकिंग के दौरान ही धीरेन्द्र की तबियत खराब हो गई। मुगलसराय पहुंचने पर साथियों ने उसे रात 11 बजे इलाज के लिए मंडलीय लोको चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। यहां उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया। यहां उन्हें पानी चढ़ाना शुरू किया गया। आरोप है कि रात में नर्स वहां से हट गई और मरीज के हिलने डूलने से ड्रिप निकल गई। इससे उसके हाथों से खून निकलने लगा। देखते ही देखतेे पूरा बिस्तर खून से रंग गया। रात 12 बजे एक साथी जब बीमारी साथी से मिलने गया तो यह दृश्य देखकर दंग रह गया। देखते ही देखने अन्य साथी भी पहुंच गए और अस्पताल प्रशासन की लापरवाही पर खूब हो हल्ला किया। शोर सुनकर चिकित्सक आदि पहुंचे और समझा बुझाकर शांत कराया। आश्वासन दिया कि इलाज में लापरवाही नहीं की जाएगी। आनन फानन में खून से लथपथ चादर आदि बदला गया। इसके बाद मामला शांत हुआ। सुबह मरीज की पत्नी मनीषा सिंह भी पुत्र के साथ पहुंच गई। इस संबंध में सीएमएस डॉ. वीके दुबे ने इस तरह की घटना से इनकार किया है। अन्य चिकित्साकर्मियों ने बताया कि मामूली विवाद हुआ था।