आरपीएफ-जीआरपी की संयुक्त टीम ने बुधवार की रात पीडीडीयू जंक्शन से 18.89 किलो चांदी के जेवरात बरामद किए। गहने ले जाने वाले दो को पकड़ लिया गया। आभूषण की खेप वाराणसी से बिहार के बक्सर ले जाए जा रहे थे। गहने बरामदगी की सूचना आयकर विभाग की टीम को दी गई। वाराणसी से आई आयकर विभाग के अधिकारी गहने और पकड़े गए आरोपियों को साथ ले गए। आगे की कार्रवाई आयकर विभाग की टीम करेगी।
आरपीएफ निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत और जीआरपी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि स्टेशन पर सुरक्षा के लिए संयुक्त टीम लगातार गश्त कर रही है। बुधवार की रात नौ बजे एसआई अमरजीत दास, जीआरपी एसआई संदीप कुमार के नेतृत्व में टीम ने फुटओवर ब्रिज पर चढ़ते समय दो संदिग्ध व्यक्तियों को देखा। दोनों ने पिट्ठू बैग और झोला लिए थे। दोनों को पकड़ कर झोले की तलाशी ली, तो उसमें चांदी के जेवरात मिले। दोनों को आरपीएफ पोस्ट पर लाया गया। पूछताछ में दोनों ने अपना नाम क्रमशः दिलीप कुमार चंदन कुमार वर्मा दोनों निवासी- वार्ड नंबर -16 ठाकुर सोनार की गली डुमराव, बक्सर बिहार बताया। बैग और झोला की जांच करने पर 19 पैकेटों में चांदी की पायल, बिछिया, अंगूठी आदि मिले। दोनों ने बताया कि जेवरात को वाराणसी से लेकर बक्सर बिहार जा रहे है। दोनों इस संबंध में कोई कागजात नहीं दिखा सके। इस पर इसकी सूचना आयकर विभाग वाराणसी को दी गई। वहां से सहायक आयकर निदेशक उत्सव पांडेय, आयकर अधिकारी राजेश कुमार, दीपक कुमार और गिरधर गोपाल की टीम पहुंची। तौल करने पर जेवरात का वजन 18.89 किलो रहा। इसका मूल्य 10,95 लाख 562 रूपये बताया गया।
पांच वर्षों में बरामद हो चुका है 80 किलो सोना और एक क्विंटल से ज्यादा चांदी
पीडीडीयू नगर। पीडीडीयू जंक्शन पर पांच वर्षों में 11 करोड़ से अधिक नकदी और 80 किलो से अधिक सोना बरामद हो चुका है। यहां 41.48 लाख की विदेशी मुद्रा भी मिल चुकी है। वहीं एक करोड़ के नकली नोट भी बरामद हो चुके हैं। सुरक्षा के लाख इंतजाम के बाद भी ट्रेनों के जरिये तस्करी नहीं रुक रही है। तस्कर ट्रेनों से सिर्फ सोना चांदी, हेरोइन, असलहा, कछुआ, नशीले पाउडर ही नहीं नकदी भी ले जा रहे हैं। 20 जुलाई 2018 को दुरंतो एक्सप्रेस के ए-वन कोच से जीआरपी और आरपीएफ टीम ने दो करोड़ नकदी बरामद की थी। राजस्थान के गंगानगर निवासी तस्कर नकदी को दिल्ली ले जा रहा था। 25 अक्तूबर को राजधानी एक्सप्रेस में 50 लाख दस हजार 840 रुपये बरामद हुए थे। 25 जनवरी 2020 को जीआरपी व आरपीएफ ने स्थानीय रेलवे स्टेशन के प्लेटफाॅर्म संख्या दो की सीढ़ी से एक करोड़ 18 लाख रुपये नकदी के साथ एक तस्कर को पकड़ा था। आरोपित वाराणसी से रुपये से भरे दो बैग लेकर हावड़ा के दुर्गापुर जाने की फिराक में था। 31 जुलाई 2020 का स्थानीय रेलवे स्टेशन परे आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम कटनी मध्य प्रदेश निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया। उसके पास से 48. 50 लाख भारतीय रुपये के साथ अमेरिका, चीन, नेपाल, थाईलैंड सहित एक दर्जन देशों की लगभग 41.84 लाख रुपये मूल्य की करेंसी बरामद की थी। आठ मार्च 2021 को ब्रह्मपुत्र मेल से एक करोड़ रुपये मूल्य के दो दो हजार के नकली नोट बरामद किए थे।