कंदवा। बरहनी विकास खंड के धीना-तुलसी आश्रम मार्ग के किनारे उगी झाड़ियों से आवागमन में लोगों को दिक्कत हो रही है। मार्ग के किनारे पर उगी झाड़ियां सड़क पर फैलती जा रही हैं। इसके चलते लोगों को आवामन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी रात को होती है। क्षेत्र के लोगों ने कई बार विभागीय अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से झाड़ी साफ करवाने की मांग की लेकिन उन्हें आश्वासन के अलावा कुछ हासिल नहीं हुआ है।
सड़क चंदौली को गाजीपुर जनपद से जोड़ती है। इन दिनों मार्ग पर जगह जगह उग आई झाड़-झंखाड़ लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। मार्ग पर उगी झाड़ियों के चलते लोग जान जोखिम में डाल कर यात्रा करने को विवश हैं। क्षेत्र के कामेश्वर राय, धनंजय उपाध्याय, मुसाफिर उपाध्याय, श्यामसुंदर बिंद, दरोगा राय, छोटे सिंह आदि ने आरोप लगाया कि क्षेत्रीय लोग विभागीय अधिकारियों की लापरवाही का खामियाजा भुगतने को विवश हैं। मार्ग पर उगे झाड़ झंखाड़ के चलते आए दिन हादसे होते रहते हैं। जनता इंटर कालेज बबुरा धीना के प्रधानाचार्य अनुपम राय, किसान नेता रतन सिंह, डॉ. संजय सिंह का कहना है कि लगभग 10 वर्ष पूर्व निर्माण के समय मार्ग के किनारे की झाड़ियों की साफ सफाई कराया गई थी फिर उसके बाद किसी ने भी साफ-सफाई कराना जरूरी नहीं समझा। उन्होंने जिला प्रशासन से सड़क के किनारे उगे झाड़-झंखड़ों की तत्काल सफाई कराने की मांग की है।