चंदौली। जिला सलाहकार समिति व ऋण जमानुपात सीडी रेशियो की समीक्षा बैठक मंगलवार को कलेक्ट्रेट के सभागार में हुई। इसमें फसली ऋण व किसान क्रेडिट कार्ड की प्रगति पर चर्चा की गई।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी बच्चालाल मौर्य ने जिला कृषि अधिकारी को निर्देश दिया कि क्षेत्र में जाकर किसानों से संपर्क कर किसान क्रेडिट कार्ड के बारे में विस्तृत जानकारी दें। उससे होने वाले लाभ के बारे में बताएं। इससे क्षेत्र के किसान इस योजना का शत प्रतिशत लाभ लें, ताकि 2022 तक किसानों की आय दुगुनी करने के लिए प्रदेश सरकार के सपने को साकार किया जा सके। कहा प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, स्टैण्डअप इंडिया, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (नगरीय स्वरोजगार) योजना के बारे में विस्तृत जानकारी ली। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना में खराब प्रगति वाले इलाहाबाद बैंक, भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक को फटकार लगाई। राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (नगरीय स्वरोजगार) योजना के अन्तर्गत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की पत्रावली किसी भी स्तर पर लम्बित न रहे।इस दौरान पद्मकांत शुुक्ल, गौरव मिश्रा, जय कुमार सिंह, किरन श्रीवास्तव, राजीव भारती आदि उपस्थित थे।