दुलहीपुर। बालीवुड व दक्षिण भारत के प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता रजनीकांत व अन्य कलाकार रविवार से चंदासी में अपनी आने वाली फिल्म ‘पेट्टा’ (इलाका) की शूटिंग करेंगे। यहां कोयले की खान को दर्शाते हुए कलाकार एक्शन शूटिंग करेंगे। फिल्म की शूटिंग के लिए शनिवार को सेट बनाने के कार्य देर रात तक चलता रहा। अभिनेता रजनीकांत सहित फिल्म के अन्य कलाकार नवाजुद्दीन सिद्दीकी, विजय सेतुपति वाराणसी के एक होटल में ठहरे हुए हैं। फिल्म की दो अभिनेत्रियां तृष्णा कृष्नन व सिमरन के भी आने की संभावना जताई जा रही है।
सन फिल्मस के बैनर तले तीन भाषाओं में हिंदी, तमिल और कन्नड़ में बन रही है। यहां तमिल भाषा में बन रही फिल्म पेट्टा के कुछ हिस्सों की शूटिंग यहां की जाएगी। फिल्म के निर्माता, निर्देशक कार्तिक सुब्बाराज सहित अन्य तकनीकी सहायक भी शूटिंग के दौरान उपस्थित रहेंगे। फिल्म में रजनीकांत स्कूल के वार्डन की भूमिका निभा रहे हैं। वहीं नवाजुद्दीन पहली बार किसी तमिल फिल्म में नजर आएंगे। शूटिंग के लिए दक्षिण भारत से आए कलाकार सेट बनाने में मशगूल रहे। सेट एक ढाबे व चाय की दुकान का बनाया जा रहा है। चंधासी कोल मंडी के एक स्थान को समतल कर यहां एक ओर चाय की दुकान व दूसरी ओर ढाबा बनाया जा रहा है। इसके अलावा ग्राहकों के बैठने के लिए बेंच, टेबल, खाट आदि बनाए जा रहे हैं। ढाबे पर तंदूर बनाए जाने के अलावा नए बरतन रखे गए हैं। वहीं चाय की दुकान पर नया पुरवा (मिट्टी से बना चाय पीने का पात्र) भी रखा गया है। फर्नीचर बनाने वाले कारीगर नई बेंच व खाट बनाने में जुटे रहे। यह पहला मौका होगा जब दक्षिण भारत के सुपरस्टार रजनीकांत किसी फिल्म की शूटिंग करने क्षेत्र में आएंगे। शूटिंग के दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा की चाक चौबंद व्यवस्था की जाएगी। शूटिंग देखने के लिए उमड़ने वाली संभावित भीड़ पर नियंत्रण करने के लिए सुरक्षा के इंतजाम रहेंगे।