चंदौली। जिला नगरीय विकास अभिकरण डूडा की ओर से स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को नगर में जागरूकता रैली निकाली गई। लोगों ने नगर के अंबेडकर नगर स्थित दलित बस्ती में स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक किया। इसके साथ ही पोषक आहार गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें सरकार की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी दी। इससे पहले कार्यक्रम का शुभारंभ परियोजना अधिकारी पीके दास ने डा. अंबेडकर की चित्र पर माल्यार्पण करके किया।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए पीके दास ने कहा कि मातृ और शिशु मृत्यु दर में बढ़ोत्तरी एक गंभीर चिंता का विषय है। गर्भावस्था के दौरान महिला को पोषक आहार नहीं मिल पाने की वजह से कई बीमारियां महिलाओं के शरीर में पनप जाती हैं। इससे उसका शारीरिक विकास रूक जाता है। गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य पर इसका विपरीत प्रभाव पड़ता है। साथ ही गर्भ में पल रहा शिशु भी कुपोषण का शिकार हो जाता है। कहा कि गर्भावस्था में महिला के स्वास्थ्य के प्रति संजिदा होना बहुत जरूरी है। महिलाओं को पोषणयुक्त भोजन दिया जाए, ताकि जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ रहे। कहा कि स्वस्थ रहने में स्वच्छता का एक महत्वपूर्ण योगदान है। हम सभी को अपने आसपास के परिवेश को साफ-सुथरा रखना चाहिए, ताकि तमाम तरह की संक्रामक व अन्य मौसमी बीमारियों से बचा जा सके। कहा कि गंदगी से तमाम तरह के खतरनाक जीवाणु व विषाणु रिहायशी इलाकों में पनपने लगती हैं, जिससे बीमारियां फैल जाती हैं। इन बीमारियों से बचाव के लिए घर के अंदर और बाहर दोनों स्थानों पर साफ-सफाई होनी चाहिए। इस अवसर पर रामचंद्र यादव, सुशीला सिंह, मीरा सिंह, अर्चना, अवधेश नारायण उपस्थित रहे।