कमालपुर। क्षेत्र के पिपरी गांव में मंगलवार को पूर्व माध्यमिक व प्राथमिक विद्यालय के बच्चों ने स्वच्छता पखवारे के तहत जनजागरूकता रैली निकाली। रैली को सांसद प्रतिनिधि व जिला पंचायत सदस्य रमेश राय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली गांव का भ्रमण करने के पश्चात वापस विद्यालय पहुंचकर समाप्त हुई।
रैली में चल रहे विद्यालयों के बच्चे अपने हाथों में स्वच्छता से संबंधित विभिन्न स्लोगन लिखी तख्तियां लिए हुए थे। वे ग्रामीणों को स्वच्छता की जानकारी देने के अलावा उन्हें जागरूक भी कर रहेेे थे। सांसद प्रतिनिधि ने कहा, इन दिनों देश में स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। बच्चों द्वारा रैली निकालकर लोगों को साफ- सफाई के प्रति जागरूक करना बड़ी बात है। सभी को अभियान को सफल बनाने में सहयोग करना चाहिए। रैली को सफल बनाने में दोनों स्कूलों के बच्चों व शिक्षकों ने योगदान दिया। (ब्यूरो)