मुगलसराय। नगर की सामाजिक सांस्कृतिक संस्था सुर सरिता के बैनरतले 47 दिवसीय निशुल्क ग्रीष्म कालीन रंग कार्यशाला प्रशिक्षण शिविर की शुरूआत रविवार को गल्ला मंडी स्थित कार्यालय पर हुई। नगर पालिका चेयरमैन संतोष खरवार और पूर्व चेयरमैन राजकुमार जायसवाल ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप कर की। समर कैंप के पहले दिन बच्चों ने अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
बच्चों ने देवी गीत, नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस मौके पर मुख्य अतिथि संतोष खरवार ने कहा कि नगर ही नहीं बल्कि जिले में समर कैंप की बाढ़ सी आ गई है। वहीं सुर सरिता वर्ष 1991 से नगर में समर कैंप का आयोजन कर रही है। आयोजक संस्था के संचालक गायक अशोक सिद्धार्थ ने बताया कि शिविर के पहले दिन 135 बच्चों ने फार्म भर कर अपना नाम पंजीकृत कराया है। शिविर में सिलाई , कढ़ाई , रचे हाथ मेंहदी, चित्रकला, पेंटिंग, ब्यूटीशियन, रंगोली, मार्शल आर्ट कराते, भाव नृत्य, गीत संगीत, कंप्यूटर, स्पोकेन इंग्लिस, ज्वेलरी डिजाइन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। उद्घाटन समारोह में डॉ. गौतम दयाल, वाचस्पति साहू, दयाराम यादव, संतोष पाठक, सभासद बृजेश गुप्ता, डॉ. हनुमान केशरी, राजगीर शेख, छोटू, गोविंदा, शाहिल, सौरभ केसरवानी, दीपक पाल, निक्की गुप्ता, चंद्रेश्वर जायसवाल, जयप्रकाश गुप्ता उपस्थित रहे। धन्यवाद ज्ञापन दीपाली अग्रहरि और जिन्नत ने संयुक्त रूप से किया।