चंदौली। परियोजना निदेशक ऋषिमुनि उपाध्याय ने शुक्रवार को विकास भवन सभागार में खंड विकास अधिकारियों संग विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास और इंदिरा आवास योजना को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए साथ ही मनरेगा योजना में मजदूरों के भुगतान की जानकारी ली। निर्देश दिया कि पंद्रह दिन पूर्व कराए गए कार्यों का भुगतान प्रत्येक दशा में सुनिश्चित करें । कहा कि प्रत्येक शुक्रवार को बीडीओ विकास भवन में उपस्थित होकर निर्धारित प्रारूप पर विकास कार्यों का आंकड़ा प्रस्तुत करेंगे।
परियोजना निदेशक ऋषिमुनि उपाध्याय ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना 2016 के 462 लाभार्थियों के एफटीओ किए जाने हैं। सभी बीडीओ दो दिन के भीतर एफटीओ कराना सुनिश्चित करें। निर्देश दिया कि वर्ष 2017-18 में आवास योजना के तहत चयनित 3219 लाभार्थियों की सूची उपलब्ध करना सुनिश्चित करें ताकि मुख्य विकास अधिकारी द्वारा लाभार्थियों का सत्यापन कराया जा सके। कहा कि इंदिरा आवास योजना में 23 लाभार्थियों ने धन मिलने के बाद भी अभी तक अपना आवास नहीं बनवाया है इसमें बरहनी ब्लाक के दस, चंदौली के आठ और नियामताबाद ब्लाक के छह लाभार्थी शामिल हैं। कहा कि सभी के विरुद्घ आरसी जारी कर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करें। इस दौरान खंड विकास अधिकारियों से विकास खंडों में जून माह में कराए गए कार्यों और भुगतान की जानकारी भी ली गई। कहा कि पंद्रह दिन पूर्व कराए गए कार्यों का भुगतान अवश्य हो जाना चाहिए। कहा कि सभी खंड विकास अधिकारी शासन की प्राथमिता वाले कार्यक्रमों से जुड़े हैं। कार्यों को समय से पूर्ण कराएं। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।