नियामताबाद। बिजली का मीटर लगाए जाने के बावजूद भी कनेक्शन न दिए जाने से नाराज विकास खंड के मिल्कीपुर व ताहिरपुर के ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान भाई राम साहनी के नेतृत्व में गुरुवार को गांव में बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। चेताया की यदि ग्रामीणों को कनेक्शन नहीं दिया गया तो ग्रामीण आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
प्रदर्शन के दौरान प्रधान भाईराम साहनी ने कहा कि गांव के डेढ़ सौ लोगों ने सौभाग्य योजना के तहत बिजली कनेक्शन लिया था। इसके बाद उनके घरों में बिजली विभाग की ओर से मीटर भी लगा दिया गया। आज तक बिजली कनेक्शन नहीं दिया गया। कहा कि यह बिजली विभाग की घोर लापरवाही है। इससे बिजली विभाग बगैर कनेक्शन व बगैर आपूर्ति के ही बिजली का बिल ग्रामीणों को देगा। वसूली के लिए अनावश्यक दबाव भी बनाएगा। यह पूरी तरह से गैरकानूनी होगा। कहा कि कई बार ग्रामीणों ने इसकी शिकायत विभागीय अधिकारियों से की परंतु अभी तक कनेक्शन नहीं हो पाया है। यदि ग्रामीणों को वैध कनेक्शन नहीं दिया गया तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इस संबंध में अवर अभियंता राजकुमार ने बताया कि मामले की जांच करके उचित कार्रवाई की जाएगी। प्रदर्शन करने वालों में सुनील साहनी, मनोज, राजेंद्र बीडीसी, संजय साहनी, असगरी बेगम, सादीया, रेशमा, तबस्सुम, जुम्मननिशा, नगीना देवी शामिल रहे।