इलिया। वन्य प्राणी सप्ताह के अंतर्गत सैदूपुर स्थित किसान इंटर कॉलेज में रविवार को काशी वन्य जीव प्रभाग चकिया की ओर से वन्य प्राणियों की सुरक्षा के लिए गोष्ठी आयोजित की गई। मुख्य अतिथि वृक्ष बंधु परशुराम सिंह ने कहा कि वन्य प्राणियों का मानव जीवन से गहरा लगाव है। जंगलों में रहने वाले हिरण, भालू, चीता व सर्प जैसे जीव-जंतु पर्यावरण को शुद्ध करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इनकी सुरक्षा होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पक्षियों में गौरैया को भूकंप जैसी गतिविधियों की जानकारी पहले से ही हो जाती है। वहीं गिद्ध, चील जैसे पक्षी प्रदूषण मुक्त करने में अपनी अहम भूमिका निभाते हैं। वन क्षेत्राधिकारी तारा शंकर यादव ने कहा कि जिस तरह पर्यावरण प्रदूषण को रोकने में वनों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। उसी प्रकार धरती पर रहने वाले वन्य जीव भी प्रदूषण को दूर कर पर्यावरण को शुद्ध बनाए रखने में हमेशा अपनी भूमिका निभाते रहे हैं। हमें इनके सुरक्षा और संरक्षण के लिए हर संभव प्रयास करना होगा। तभी आज बढ़ते हुए पर्यावरण प्रदूषण को दूर करने में हर संभव मदद हो सकेगी। इस अवसर पर कॉलेज के प्रधानाचार्य आलोक कुमार, वन दरोगा संतोष राम, श्रीकांत मौर्या, अरविंद कुमार, राम सिंगार साहनी आदि लोग उपस्थित रहे।