चंदौली। प्रदेश सरकार द्वारा जनस्वास्थ्य रक्षकों एवं स्वैच्छिक कार्यकर्ताओं को बहाल करने के लिए स्वास्थ्य विभाग से रिपोर्ट देने के लिए निर्देशित किया गया हैं। शासन के फरमान की जानकारी होने के बाद रविवार को ऑल इंडिया कम्यूनिटी हेल्थ वर्कर एसोसिएशन के सदस्यों ने सीएमओ कार्यालय पहुंच मुख्य चिकित्साधिकारी डा. पीके मिश्र को बधाई दी और माल्यार्पण करके उनका आभार जताया। मांग की कि जनस्वास्थ्य रक्षकों के भविष्य को देखते हुए वह उचित रिपोर्ट शासन को भेजें। जिससे जिले के हजारों लोगों का भला हो सके।
इस दौरान एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष रामसिंह यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा जनस्वास्थ्य रक्षकों और स्वैच्छिक कार्यकर्ताओं की बहाली के लिए लिया गया फैसला सराहनीय हैं। कहा कि समायोजन और बहाली के लिए स्वास्थ्य विभाग को ग्राउंड सर्वे कराने के निर्देश दिए गए है। वहीं कई जनपदों में सर्वे कार्य शुरु भी हो गया है। ऐसे में संगठन के सदस्य स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ सहयोग करके सर्वे को पूर्ण कराने का कार्य करें। इस दौरान सीएमओ डा. पीके मिश्र ने संगठन के सदस्यों को आश्वस्त किया कि वह जल्द ही ग्राउंड सर्वे कराकर शासन को रिपोर्ट भेज देंगे। इस दौरान ओमप्रकाश यादव, राजेश, मिथिलेश द्विवेदी, नामवर सिंह, प्रिंस सिंह उपस्थित रहे।