चंदौली। जनपद के प्रमुख सचिव अनुराग श्रीवास्तव बुधवार को विकास कार्यों की समीक्षा बैठक करेंगे। सदर ब्लाक का निरीक्षण भी प्रस्तावित है। लेकिन शौचालय, आवास सहित कई कार्यों में पिछड़े सदर ब्लाक के अधिकारी अब कार्रवाई को लेकर सकते में हैं। सदर ब्लाक में बनने वाले 17 हजार से अधिक शौचालयों में अब तक केवल 34 सौ शौचालयों की फोटो अपलोड हुई है। जबकि लक्ष्य के अनुरूप पीएम आवास का निर्माण भी पूर्ण नहीं है। अधिकारी मंगलवार को पूरे दिन कार्यालय में कामों को पूरा करते रहे।
स्वच्छता मिशन के तहत सदर ब्लाक में केवल सात गांव ओडीएफ घोषित हुआ है। शेष गांवों में शौचालयों का निर्माण कार्य चल रहा है। सदर ब्लाक क्षेत्र के गांवों में कुल 17621 शौचालय बनने हैं। आंकड़ों को पूरा करने के लिए डाटा फीडिंग कार्य तो 14 हजार चार सौ 94 तक पूरा हो गया है। लेकिन बनने वाले शौचालयों का भौतिक सत्यापन नहीं हो पाया है। भौतिक सत्यापन के बाद लगभग 34 सौ शौचालयों का फोटो विभाग की वेबसाइट पर अपलोड हुआ है। वहीं वर्ष 16-17 और 17-18 में कुल 1080 प्रधानमंत्री आवास बनाने का लक्ष्य मिला था। लेकिन दो वर्ष गुजरने के बाद भी केवल 1014 आवास बन पाए हैं। इसी प्रकार ऑन लाइन शिकायतों के निस्तारण में भी सदर ब्लाक काफी पीछे है। सदर तहसील में सीएम के पोर्टल से भी चार मामले लंबित हैं। सदर बीडीओ शंकर प्रसाद सोनकर ने बताया कि डाटा फीडिंग का कार्य चल रहा है। विकास कार्यों की फिडिंग नहीं होने से लक्ष्य के अनुसार कार्य पोर्टल पर प्रदर्शित नहीं हो रहा है। बुधवार तक सभी विकास कार्यों की फिडिंग पूरा हो जाएगा।
इनसेट...
दस्तावेज ठीक करने में जुटे रहे कर्मचारी
चंदौली (ब्यूरो)। प्रमुख सचिव बुधवार को सदर ब्लाक का निरीक्षण करेंगे। मंगलवार को सदर ब्लाक में साफ सफाई का कार्य चलता रहा। अधिकारी भी कार्यालय में लगे महापुरुषों के पुराने फोटो को हटाकर नए फोटो लगाने में जुटे रहे। बीडीओ शंकर प्रसाद सोनकर ने बताया कि प्रमुख सचिव के निरीक्षण के चलते साफ सफाई का कार्य कराया जा रहा है।
इनसेट...
विकास कार्यो का किया सर्वे
चंदौली(ब्यूरो)। ग्राम स्वरोजगार के तहत चयनित गांवों में विकास कार्यो का सर्वे करने के लिए भारत सरकार के डिप्टी सक्रेटरी प्रेमनारायण शुक्ल ने मंगलवार को सदर ब्लाक के दाऊदपुर, सुल्तानपुर, फत्तेपुर गांवों का दौरा किया। बताया कि भारत सरकार की ओर से ग्राम स्वरोजगार के तहत चयनित गांवों में सात योजनाएं संचालित है। इनकी जमीनी हकिकत जानने के लिए उन्होने चयनित गांवों का भ्रमण किया। सभी योजनाएं प्रगति पर है।