अकीदत के साथ अदा क
मुगलसराय। नेमतों की बारिश करने वाला, गुनाहों से छूटकारा दिलाने वाला पाक माह ए रमजान की शुरुआत शुक्रवार से हुई। पहले दिन रोजा को लेकर मुस्लिम बहुल इलाकों में उत्साह रहा। वहीं पहले दिन जुमा होने की वजह से मुस्लिम बंधुओं ने पूूरी अकीदत के साथ जुमे की नमाज अदा की।
मुसलमानों के पांच फर्ज में एक और इबादतों का महीना माह ए रमजान का इंतजार लोगों को लंबे समय से था। सहरी और इफ्तार तैयारियां लंबे समय से की जा रही थी। शुक्रवार को रमजान के पहले रोजा की शुरूआत हुई। सुबह सहरी के साथ लोगों ने रोजा की शुरूआत की। हालांकि शुक्रवार को दिन भर तेज धूप खिली रही और उमस भरी गर्मी से लोग परेशान रहे। रोजे के पहले दिन ही जुमा होने की वजह से रोजेदारों का उत्साह बढ़ा रहा। दोपहर में नगर के विभिन्न इलाकों कसाब महाल, मुस्लिम महाल, शाहकुटी, पराहुपुर, कुढ़ेखुर्द, इस्लामपुर, सिकटियां, प्लांटडिपो, अलीनगर सहित अन्य इलाकों में चहल पहल रही। दोपहर में विभिन्न मस्जिदों में पहुंच कर रोजेदारों ने पूरी अकीदत के साथ जुमे की नमाज अदा की। जामा मस्जिद, मीनारा मस्जिद, मुस्लिम महाल मस्जिद, अलीनगर मस्जिद, तारनपुर मस्जिद सहित अन्य मस्जिदों में नमाज के बाद तकरीर हुई। वहीं रात में आठ बजे से तरावीह की नमाज अदा हुई।