चंदौली। रेल फ्रेट कारीडोर और राष्ट्रीय राजमार्ग चौड़ीकरण योजना से प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा और पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग के साथ किसान न्याय मोर्चा के बैनर तले किसानों ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। एसडीएम जियालाल सरोज को पत्रक दिया और चेताया कि बगैर उचित प्रतिकर किसान अपनी जमीन नहीं देंगे।
किसानों ने कहा कि जिला प्रशासन और सरकार द्वारा किसानों संग अन्याय किया जा रहा है। फ्रेट कारीडोर योजना से प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिए बगैर ही कार्य शुरू करा दिया गया है। यही स्थित हाईवे चौड़ीकरण योजना की भी है। कहा कि कानून के अनुसार जमीन अधिग्रहण के बदले सबसे उच्चतम दर के अनुसार प्रतिकर देने का प्राविधान है। मांग किया कि उचित मुआवजा और पुनर्वास विस्थापन की व्यवस्था किए बगैर किसानों की जमीनों पर कब्जा न किया जाए। इस दौरान किसानों ने बिजली की बढ़ी दरों को वापस लेने, किसानों को छुट्टा पशुओं के आतंक से मुक्ति दिलाने, किसानों को दी जा रही सब्सिडी को पुन: बहाल करने की मांग की गई। किसानों ने सरकार और प्रशासन के विरोध में नारेबाजी भी की। कहा कि किसानों की मांग को अनसुना किया गया तो सड़क पर उतरकर आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। इस अवसर पर महेंद्र प्रसाद, इंद्रजीत शर्मा, कृष्णकांत यादव, दयाराम, रामचंद्र आदि रहे।