चंदौली। सदर विकास खंड के भटपुरवा गांव के दर्जनों ग्रामीणों ने सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रभारी जिलाधिकारी को पत्रक दिया। जिसमें ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रधानपति व सेक्रेटरी मिलकर प्रधानमंत्री आवास को 30 से 40 हजार रुपये में बेच दे रहे है। स्थिति यह है कि जो लोग पात्र हैं उन्हें आवास नहीं मिला। लेकिन जो लोग नौकरी में उन्हें इस योजना का लाभ मिल गया है। ग्रामीणों की शिकायत पर प्रभारी जिलाधिकारी बच्चालाल ने जांच कराने का आश्वासन दिया।
भटपुरवां गांव के मनोहर राम, जगनी, अशोक, आशा देवी, अंशू जिलाधिकारी कार्यालय पहुंच कर प्रभारी जिलाधिकारी को बताया कि वे लोग पूरी तरह से आवास योजना के पात्र हैं। लेकिन उन्हें आवास इसलिए नहीं दिया जा रहा है क्योंकि आवास को पाने के लिए इन लोगों के पास 30 हजार रुपये नहीं है। इन सभी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री आवास को प्रधानपति और सेक्रेटरी द्वारा बेचा जा रहा है। स्थिति यह है कि जो लोग पैसा दे रहे हैं उन्हें आवास दिया गया है। इन लोगों ने बताया कि गांव के दाऊ राम जो अभी नौकरी से सेवानिवृत्त होकर आए हैं उन्हें भी आवास दे दिया गया। कमलेश व मुराहू के पास पहले से पक्का मकान है। इसके बाद भी इन लोगों को आवास योजना का लाभ दिया गया है। यहीं नहीं लोहिया आवास के तहत लाभ पाने वाले लवकुश, शमशेर, रामसरन, सुरेश, लाली, बब्बन, बल्लर आदि को दुबारा आवास की एक-एक किश्त भेज दी गई है। ग्रामीणों द्वारा पूरा साक्ष्य दिखाए जाने के बाद प्रभारी जिलाधिकारी बच्चालाल ने कहा कि जिलास्तरीय टीम को भेज कर जांच कराई जाएगी। यदि इस प्रकार का मामला सामने आया तो दोषियों के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी।