सकलडीहा। होली का त्योहार होने के बाद भी बीते दो सप्ताह से पेयजल समस्या से जूझ रहे कस्बावासियों के सब्र का बांध बुधवार को टूट गया। नाराज कस्बावासियों ने जल निगम और बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर अपनी भड़ास निकाली। साथ ही जमकर नारेबाजी भी की। उन्होंने जिलाधिकारी से पेयजल आपूर्ति सुचारू कराने की मांग की है।
कस्बावासियों ने आरोप लगाया कि बीते दो माह से बिजली समस्या को लेकर द्वितीय ट्यूबवेल से पेयजल आपूर्ति ठप है। दो सप्ताह पूर्व प्रथम ट्यूबवेल का मोटर जल गया था। एक सप्ताह पूर्व गुरुवार को नया मोटर लगने के बाद दूसरे दिन बोरिंग ध्वस्त हो गई। सांसद प्रतिनिधि सत्यप्रकाश गुप्त सहित कई व्यापारियों की शिकायत के बाद भी बिजली विभाग के अधिकारी द्वितीय ट्यूबवेल की बिजली समस्या को दूर नहीं कर पाए हैं। इससे कस्बा सहित आसपास के दर्जनों गांवों के लोग पेयजल की किल्लत झेल रहे हैं। वहीं पेयजल समस्या से पुलिस और अन्य विभाग के अधिकारी भी परेशान हैं। एसडीएम रामसजीवन मौर्य ने बताया कि विभागीय लापरवाही से डीएम को अवगत कराया जाएगा। इस मौके पर विरोध जताने वाले विजय जायसवाल, अरविंद जायसवाल, मनोज जायसवाल, गौरव, शेखर, सोनी, सुनील मोदनवाल, संजय, सोनू राय, देवेंद्र, राम सिंह चौहान, मुन्नु जायसवाल शामिल रहे।